Tuesday, January 1, 2019

देश के सबसे सफल टेस्ट कप्तान बन सकते हैं विराट, अब तक जीते हैं 26 टेस्ट; धोनी से सिर्फ एक कम

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने साल की शुरूआत नंबर-1 टेस्ट बल्लेबाज के तौर पर की है। पिछले साल उन्होंने कई रिकॉर्ड बनाए। अब इस साल के पहले ही टेस्ट में उनके पास कई रिकॉर्ड की बराबरी करने और तोड़ने का मौका है। सिडनी में भारत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज का चौथा और आखिरी टेस्ट खेलेगा। विराट इस टेस्ट में यदि टीम इंडिया को जीत दिला देते हैं तो वे भारत के सबसे सफल कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की बराबरी कर लेंगे। इसके बाद भारत वर्ल्ड कप तक कोई भी टेस्ट सीरीज नहीं खेलेगा, लेकिन उसके बाद यदि विराट की कप्तानी में टीम इंडिया एक भी मैच जीतती है तो वे देश के सबसे सफल टेस्ट कप्तान बन जाएंगे।

ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीतने वाले पहले कप्तान बन सकते हैं कोहली
धोनी ने 60 टेस्ट में भारतीय टीम की अगुआई की। इसमें से उन्होंने 27 में टीम को जीत दिलाई। वहीं, विराट अब तक 45 टेस्ट में भारतीय टीम की कप्तानी कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 26 टेस्ट जीते हैं। 3 जनवरी से होने वाले सिडनी टेस्ट को जीतते ही वे धोनी के साथ संयुक्त रूप से भारत के सबसे सफल कप्तान बन जाएंगे। 

विराट कोहली यदि सिडनी टेस्ट जीतते हैं या ड्रॉ भी करा लेते हैं तो वे ऑस्ट्रेलिया में सीरीज जीतने वाले पहले भारतीय कप्तान बन जाएंगे। टीम इंडिया 1947 से ऑस्ट्रेलिया का दौरा कर रही है, लेकिन अब तक खेली गई 11 टेस्ट सीरीज में वह एक भी नहीं जीत पाई है।

कोहली विदेश में टेस्ट जीतने के मामले में धोनी और राहुल द्रविड़ को पहले ही पीछे छोड़ चुके हैं। यदि वे सिडनी टेस्ट में टीम इंडिया को जीत दिला देते हैं तो सौरव गांगुली को भी पीछे छोड़ देंगे। गांगुली ने बतौर कप्तान विदेश में खेले गए 28 टेस्ट में 11 जीते थे।

दूसरी ओर, छह साल तक टेस्ट टीम की कप्तानी करने वाले धोनी ने विदेशी जमीन पर 30 टेस्ट में 6 ही जीते थे। वहीं, सौरव गांगुली के बाद कप्तान बनने वाले राहुल द्रविड़ ने 17 में पांच जीते थे। कोहली अब तक 24 टेस्ट में 11 जीत चुके हैं।

कोहली के पास इस टेस्ट में 26वां शतक लगाने का मौका होगा। अगर वे ऐसा कर लेते हैं तो ऑस्ट्रेलिया में उनके नाम 7 शतक हो जाएंगे। इस मामले में वे सचिन तेंडुलकर को पीछे छोड़ देंगे। सचिन ने 20 टेस्ट में ऐसा किया था। जबकि, कोहली 11 टेस्ट में ही उनके बराबर पहुंच चुके हैं।

No comments:

Post a Comment